कुसमरा। निचली गंगा नहर से निकले खारजे पर हो रहे मछली के अवैध कारोबार का समाचार प्रकाशित होते ही कारोबारियों के तंबू उखड़ गए। सुबह 10 बजे वहां कोई सामान नहीं मिला। अमर उजाला की टीम जब पहुंची तो मजदूरों ने कुछ भी जानकारी होने से मना कर दिया।
खारजा पर मछली के अवैध कारोबार का समाचार अमर उजाला ने बृहस्पतिवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया। समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग का कोई अधिकारी व कर्मचारी तो नहीं पहुंचा, लेकिन अतिक्रमण करने वाले भाग गए। जो कर्मचारी कल तक मछली पकड़ने का ठेका बता रहे थे, वह भी नहीं मिले। अमर उजाला टीम ने वहां पर मौजूद लोडर में बांस-बल्ली लाद रहे मजदूरों से जानकारी जुटाने की कोशिश की तो वह कुछ भी नहीं बता सके। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता एसएस किरमानी ने बताया कि एक जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी में जेई, अमीन व जिलेदार को शामिल किया गया है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई होगी।