कागसंज। सिकंदरपुर वैश्य पुलिस ने सोमवार देर रात अवैध शस्त्र की फैक्टरी पकड़ी। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। चार बने व अधबने तमंचे, कारतूस और भारी मात्रा में शस्त्र बनाने के उपकरण मौके से बरामद हुए। सीओ पटियाली संदीप वर्मा ने बताया कि सिकंदरपुर वैश्य थाना पुलिस को गांव नगला हंसी के पास जंगल में दो आरोपी चोरी-छिपे अवैध शस्त्र फैक्टरी चलाने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर दबिश दी तो जनपद बदायूं में थाना दातागंज के गांव दहरपुर निवासी रामपाल और गांव नरदौली निवासी रोहतास अवैध शस्त्र बनाते मिले। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तमंचे 315 बोर, 2 अधबने, तमंचे 315 बोर, 4 खोखा कारतूस, 1 जिंदा कारतूस 315 बोर और भारी मात्रा में शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए। आरोपियों का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिकंदरपुर वैश्य में आयुध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। सीओ ने बताया कि दोनों आरोपी पहले भी अवैध शस्त्र बनाने और जानलेवा हमले के मामलों में जेल जा चुके हैं।