मैनपुरी। सीएमओ डॉ.आरसी गुप्ता ने बृहस्पतिवार को महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएमएस से कहा कि अस्पताल की शिकायतें बहुत मिल रही हैं। उन्होंने डॉक्टरों को चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं को सुधार लें अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
सीएमओ बृस्पतिवार को अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां उन्होंने जिला अस्पताल की इमरजेंसी के साथ ही ओपीडी की व्यवस्थाएं देखीं। सीएमएस के साथ वार्ता की और अस्पताल में उपचार व्यवस्था का हाल जाना। सीएमओ ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि डॉक्टर समय से ओपीडी में नहीं बैठ रहे हैं। डॉक्टर अपनी आदत में सुधार करें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।