आगरा। शादी के 8 साल बाद दो सगी बहनों को ससुरालीजन ने बेटियां नहीं होने के कारण घर से निकाल दिया। परिवार परामर्श केंद्र में आए इस मामले में तीन नोटिस के बाद भी ससुरालीजन काउंसिलिंग के लिए नहीं पहुंचे। इस पर उनके विरुद्ध मुकदमे के आदेश दिए गए।
शाहगंज थाना क्षेत्र की निवासी दो बहनों की शादी 8 साल पहले मलपुरा क्षेत्र के रहने वाले दो सगे भाइयों के साथ हुई थी। वह दोनों मजदूरी करते हैं। इस बीच बड़ी बहन को तीन बेटे और छोटी ने दो बेटों को जन्म दिया। विवाहिताओं का आरोप है कि ससुरालीजन बेटियां चाहते हैं। उन्होंने घर की आर्थिक स्थिति को देखते हुए इससे इनकार कर दिया। इसी पर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद मारपीट कर 6 महीने पहले घर निकाल दिया। काउंसलर डॉ. अमित गौड़ ने बताया कि दोनों पक्षों को तारीख पर बुलाया गया था। मगर, लड़के तीन तारीख निकलने के बाद भी परिवार परामर्श केंद्र नहीं आए। मामले में मुकदमे के आदेश दे दिए हैं।