बाह। जैतपुर सीएचसी में प्रसव के दौरान हालत बिगड़ने पर इटावा भेजी गई गर्भवती चित्राहाट के नौगवा की हर देवी (24) की 16 दिसंबर को मौत हो गई थी। पति ने आशा और स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जैतपुर थाने में तहरीर दी। चित्राहाट के नौगवां के योगेश राजपूत ने पुलिस को बताया कि पत्नी हर देवी का यह दूसरा प्रसव था। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन ने जैतपुर सीएचसी पर 16 दिसंबर को भर्ती कराया था। आशा एवं स्टाफ नर्स ने सामान्य प्रसव का भरोसा दिलाया था। कुछ दवाएं बाहर से लाने के लिए पर्चा दिया था। आरोप है कि बाहर से लाई गई दवाएं नहीं लगाईं, अपनी ओर से इंजेक्शन लगा दिए। जिससे हर देवी की हालत बिगड़ गई और बेहोश होने पर एंबुलेंस से इटावा के जिला अस्पताल भेज दिया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इटावा पुलिस ने हर देवी के शव का पोस्टमार्टम कराया था। उन्होंने पुलिस से जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। एसओ जैतपुर ने बताया कि मृतका के परिजन थाने आए थे, उन्हें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से शिकायत की सलाह दी गई है। हर देवी की मौत इटावा के अस्पताल में हुई है।