कासगंज। सोरोंजी के गांव सलेमपुर में एक ग्रामीण ने रविवार की रात में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। परिजन का आरोप है कि उसने यह कदम रात में रामलीला मंचन के दौरान एक सिपाही द्वारा उसकी पिटाई लगाने के बाद उठाया है। युवक के आत्महत्या करने के बाद ग्रामीणों में रोष फैल गया। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सहित कई थानों का फोर्स भी पहुंच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। गांव सलेमपुर निवासी रमेश (48) पुत्र कन्हैया लाल ने सोमवार की सुबह कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन ने जब कमरे में शव लटका हुआ देखा तो उनके पैरों तले जमीं खिसक गई। परिजन का आरोप है कि रविवार की रात को रमेश गांव में हो रही रामलीला देखने गया था। यहां एक सिपाही ने उसकी पिटाई लगा दी थी। सार्वजनिक तौर पर पिटाई होने से वह काफी आहत हो गया था। इसके चलते ही उसने खुदकुशी कर ली। हालांकि घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें रमेश रामलीला मंच के सामने पड़ी मेज पर बैठा हुआ दिख रहा है। इस पर दर्शक शोर मचा रहे हैं। इसके बाद सादा वर्दी में सिपाही युवक के गले में पड़े गमछे को पकड़कर वहां से जबरन खींचकर ले जाता हुआ दिख रहा है। इसमें कहीं भी पिटाई नहीं होती दिख रही है। घटना के बाद सुबह परिजन व ग्रामीणों में पुलिस के प्रति काफी आक्रोश दिखाई दिया। जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती, सीओ सिटी आंचल चौहान और विभिन्न थानों की पुलिस गांव में पहुंच गई। यहां आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।