पटियाली तहसील परिसर में अपनी मांगों को लेकर धरना देते पूर्व सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज
पटियाली। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय को स्थानांतरित किए जाने के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं के साथ तहसील परिसर में क्रमिक अनशन किया। अनशन के बाद जिलाधिकारी प्रणय सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें विद्यालय के स्थानांतरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि तहसील क्षेत्र के गांव नवादा में प्रस्तावित मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय को तहसील सहावर के बड़ागांव में स्थानांतरित किया जा रहा है। हम इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं। यह पटियाली क्षेत्र के साथ अन्याय है। 23 करोड़ की लागत से यह विद्यालय नवादा गांव में बनना है। इसे सहावर में शिफ्ट करने की साजिश हो रही है। इसके विरोध में तहसील परिसर में शनिवार की सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक दो घंटे का क्रमिक अनशन किया गया।इसके बाद डीएम को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय का स्थानांतरण रोकने की मांग की गई। इस दौरान लक्ष्मण सिंह यादव, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंवरपाल सिंह, अनवर अली, ईसार मियां, अमर सिंह चौहान, रीना वर्मा, अनु यादव, हमराज परवीन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।