आगरा। आगरा के युवा बल्लेबाज ऋतिक शर्मा की बृहस्पतिवार रात पुडुचेरी प्रीमियर लीग-2026 की विस्फोटक बल्लेबाजी से स्टेडियम गूंज उठा। माहे स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए ऋतिक ने सिर्फ 38 गेंदों में 82 रन ठोक दिए। उनकी आक्रामक पारी की बदौलत माहे स्ट्राइकर्स ने जेनिड यानम रॉयल्स के 184 रन के लक्ष्य को 19 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया और चार विकेट से शानदार जीत दर्ज की।बाएं हाथ के बल्लेबाज ऋतिक ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। उनकी पारी में चार चौके और आठ लंबे छक्के शामिल रहे। उन्होंने 215.79 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। हालांकि वह 15.1 ओवर में रन आउट हो गए, लेकिन तब तक टीम जीत की मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी। अंत में श्रीकरण ए (32) और कप्तान राघव गोयल (11) ने टीम को जीत तक पहुंचाया। इससे पहले जेनिड यानम रॉयल्स ने 20 ओवर में सात विकेट पर 184 रन बनाए। सनाबोयिना तरुण ने नाबाद 72 और प्रवीण आर ने 48 रन की पारी खेली। माहे स्ट्राइकर्स की ओर से नित्यानंदा आर ने तीन तथा राघव गोयल और प्रदीप जाखड़ ने दो-दो विकेट लिए।