धौलपुर-भरतपुर मार्ग पर मंगलवार की शाम करीब 5 बजे गांव सरेंधी के समीप कार की टक्कर लगने से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। मृतकों में एक युवक की शादी 4 मई को होनी थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। होली की पूर्व संध्या पर हुए हादसे से घर में कोहराम मच गया।
पुलिस के मुताबिक राजस्थान के रूपवास निवासी भागचंद (40), चंदन (25) और राम प्रकाश (23) मंगलवार की शाम सरेंधी की ओर से एक ही बाइक पर बैठ कर घर जा रहे थे। सरेंधी गांव के समीप तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार के एयर बैग खुल गए और बाइक काफी दूर तक घसीटती गई। करीब 30 मीटर आगे चालक ने कार रोकी और कूदकर भाग निकला। वहीं बाइक सवार युवक रामप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चंदन और भागचंद घायल पड़े थे। जिन्हें एंबुलेंस मंगाकर पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगनेर लेकर गई। जहां चिकित्सकों ने इन दोनों को भी मृत घोषित कर दिया।
मामले में थानाध्यक्ष जगनेर ईश्वर तोमर ने बताया तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं हादसे की जानकारी होते ही रोते-बिलखते परिवार के लोग भी पहुंचे। परिजन ने बताया कि 4 मई राम प्रकाश की शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे के बाद शादी वाले घर में मातम पसर गया।