मैनपुरी की थाना एलाऊ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इलाहबांस के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर अफरोज खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। हिस्ट्रीशीटर की करीब 1.50 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाहबांस निवासी अफरोज खान एक शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। थाना में उसकी हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई भी की गई है। न्यायालय ने हिस्ट्रीशीटर की अपराध से अर्जित की गई संपत्ति को जब्त किए जाने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद बुधवार को तहसीलदार बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे।
कारखाना व मकान किया गया सील
गांव स्थिति अफरोज का एक कारखाना व मकान को सील कर दिया गया। बुधवार को जब्त की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपया बताई गई है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि अफरोज कुछ माह पूर्व तमंचा फैक्टरी का संचालन करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।