कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल की अंकतालिकाएं जिले को भेज दी हैं। अंकतालिकाएं आने के बाद कार्यालय से इनका विद्यालयों को वितरण शुरू कर दिया गया है। दो माह से परीक्षार्थियों को इनका इंतजार था।
यूपी बोर्ड ने 20 अप्रैल को हाईस्कूल व इंटर का परीक्षाफल घोषित कर दिया था। इंटर की अंकतालिकाएं तो 15 दिन पहले विभाग को प्राप्त हो गई, लेकिन हाईस्कूल की अंकतालिकाएं नहीं भेजी गई। जिले में हाईस्कूल के 20753 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 18345 परीक्षार्थी अपनी परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफल हुुुए। इन परीक्षार्थियों को अपनी अंकतालिकाएं आने का इंतजार था।
हाईस्कूल करने के बाद काफी संख्या में छात्र-छात्राएं पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई कोर्स करते हैं। ऐसे में प्रवेश के समय अंकतालिकाओं की आवश्यकता होती है। पॉलिटेक्निक की परीक्षाएं हो चुकी हैं। आईटीआई के प्रवेश भी जल्द शुरू होने वाले हैं। अंकतालिकाएं आ जाने से अब इन विद्यार्थियों को प्रवेश में दिक्कत नहीं होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मौर्य ने बताया कि हाईस्कूल की अंकतालिकाएं कार्यालय को प्राप्त हो चुकी हैं। विद्यालयों को इनका वितरण शुरू कर दिया गया है। विद्यालय संचालक कार्यालय से इनको प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों को इनका वितरण कर दें।