संसद में बृहस्पतिवार को सांसद हेमामालिनी ने कान्हा की नगरी मथुरा-वृंदावन में बंदरों के उत्पात का मुद्दा उठाया। इस पर टीएमसी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने भी वृंदावन आगमन के दौरान बंदरों के उत्पात से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इस पर एलजेपी सांसद चिराग पासवान ने भी इस विषय को आगे बढ़ाया।
संसद का शीतकालीन सत्र में बृहस्पतिवार को मथुरा की सांसद हेमामालिनी ने प्रश्नकाल के दौरान केंद्र सरकार का ध्यान अपने संसदीय क्षेत्र की ओर खींचा। उन्होंने मथुरा-वृंदावन में बंदरों की बढ़ती समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोग ही नहीं, ब्रज दर्शन को आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक भी परेशान हैं।
हेमामालिनी ने मांग उठाई कि बंदरों के लिए बंदर सफारी बनाया जाए। वृंदावन में लोग बंदरों से त्रस्त हैं। आए दिन बंदर जनता पर हमले करते हैं। धार्मिक क्षेत्र के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। केंद्र सरकार को इस समस्या का स्थाई समाधान खोजना चाहिए।