कासगंज। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के बौद्धिक विकास में अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए पहल की गई है। इन स्कूलों में भी अब निजी स्कूलों की तर्ज पर अभिभावक के लिए हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। इसके साथ ही बच्चों का शैक्षिक प्रगति के बारे में इसी डेस्क से बताया जाएगा और उनको भी शिक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। परिषदीय विद्यालयों में निजी स्कूलों की तर्ज पर हेल्प डेस्क बनाई जाएंगी। इनमें समग्र शिक्षा योजना, बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ, कन्या सुमंगला योजना आदि की जानकारियां दी जाएगी। अभिभावकों की शिकायतें भी दर्ज की जाएंगी। जिले में 1263 परिषदीय विद्यालय हैं। परिषदीय स्कूलों में भी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं। बीएसए राजीव यादव का कहना है कि स्कूलों में अभिभावकों के लिए हेल्प डेस्क बनाने के लिए व्यवस्थाएं की जा रही है। ताकि अभिभावकों में बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ सके।