कुसमरा। कटरा मोहल्ला में हैंडपंप से हाथ धोने के विवाद को लेकर आरोपियों ने एक युवक को घर में बंधक बना लिया। उसे लाठी डंडा और सरिया से पीटकर घायल कर दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
किशनी थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ला निवासी राजीव कठेरिया ने थाने में तहरीर दी। बताया कि 13 फरवरी की शाम उसका पुत्र कौशल खेत से घर लौट रहा था। वह घर के पास लगे हैंडपंप से वह हाथ पैर धोने लगा। इसी बात को लेकर मोहल्ला निवासी योगेंद्र, अंकित, अरुण, अतुल, राघव उसे गाली देने लगे। कौशल ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे पकड़ कर अपने घर में ले गए। वहां कमरे में बंधक बनाकर उसकी लाठी-डंडा और सरिया से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन अस्पताल ले गए। वहीं थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।