गंजडुंडवारा। कांवड़ यात्रा के चलते पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू कर रखा है। बरेली और बदायूं की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कादरगंज गंगा पुल थाना सिकंदरपुर वैश्य होकर निकाला जा रहा। कछला मार्ग बंद होने से बड़े वाहन दिन में कादरगंज होते हुए गंजडुंडवारा से गुजर रहे हैं। इससे जाम की स्थिति बन रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े वाहनों को गंजडुंडवारा की बजाय तरसी से पटियाली की ओर भेजा जाए। सावन माह में कांवड़ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कछला मार्ग बंद होने से बड़े वाहन बदायूं से कादरगंज होकर गंजडुंडवारा निकल रहे हैं। इससे यहां पर जाम की स्थिति पैदा हो रही है। कादरगंज के असलम खान का कहना है कि इन वाहनों को गंजडुंडवारा न भेजकर तरसी तिराहे से अलीगंज होकर पटियाली भेजा जाए। इससे वाहन अपने गंतव्य तक सुगमता से पहुंच सकेंगे। उधर, एटा, अलीगढ़ और आगरा से आने वाहन गंजडुंडवारा से पटियाली होकर तरसी तिराहे से कादरगंज बदायूं की तरफ भेजे जाएं। इससे जाम की स्थिति पैदा नहीं होगी। कावंड़ यात्रा के मद्देनजर रूट डायवर्जन लागू करके बड़े वाहनों को शहर के बाहरी मार्गों से गुजारा जा रहा है। सीओ ट्रैफिक अमित कुमार ने कहा कि यदि गंजडुंडवारा में जाम की स्थिति बन रही है तो ट्रैफिक कर्मियों को भेजकर यातायात सुचारू कराया जाएगा।