कासगंज। नगर में रविवार शाम जबरदस्त मूसलाधार बारिश हुई। कुछ ही देर में शहर का ड्रेनेज सिस्टम जवाब दे गया और बाजारों, बस्तियों व निचले इलाकों में पानी भर गया। कई इलाकों में पानी की दस्तक लोगों के घरों और दुकानों तक पहुंच गई। लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश से पटरी कारोबारी का माल भी भीग गया।
शनिवार से रुक-रुककर कभी तेज कभी हल्की लगातार बारिश हो रही है। रविवार सुबह से काले घने बादल छाए हुए थे। अलग-अलग इलाकों में सुबह से ही बारिश हो रही थी। शाम करीब 3:30 बजे मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। जो लगातार देर रात तक जारी रही। पानी इतना तेज था कि आधा घंटे के बाद ही नाले नालियां ओवरफ्लो हो गईं और सड़कों पर पानी भरने लगा। कुछ ही देर में शहर के नदरई गेट बाजार, गांधी मूर्ति, प्रभुपार्क रोड, बिलराम गेट, सूत की मंडी, सोरों गेट सहित अन्य बाजारों में पानी भर गया। घरों में नालियों से पानी पहुंचने लगा। लोग जगह-जगह पानी की निकासी करने में जुट गए। शहर की गंगेश्वर कॉलोनी, पालनगर, अशोक नगर, लवकुश नगर, न्यू माधोपुरी, सिटी मोहल्ला, सोलह बीघा, हुल्का रोड, बड्डू नगर सहित कई इलाके में जलभराव से विषम हालात बन गए। लोग जलभराव से काफी परेशान हुए।
घरों में भी पानी घुसने से लोगों को काफी नुकसान हुआ। लोगों ने ड्रेनेज सिस्टम फेल होने पर आक्रोश व्यक्त किया। सोरों गेट तिराहे पर भी दुकानों तक पानी की दस्तक पहुंची। बारिश के कारण पूरे बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया और इसके बाद तमाम दुकानदारों ने अपनी दुकानें भी बंद कर दीं। जगह-जगह जलभराव के बीच से जैसे ही कोई वाहन निकलता तो दुकानों और घरों तक पानी की लहरें पहुंच रहीं थीं। ऐसी स्थिति में सड़क पर वाहनों को रोकने की कोशिश की गई। वाहन रुकने पर नोंकझोंक हुई। प्रभुपार्क रोड पर भी यातायात रोकने की कोशिश हुई। अन्य बाजारों से गुजरने वाले वाहनों को रोका गया।