कासगंज में तेज धूप से बचाव के लिए गमछा ओढ़कर जाते युवक ।
कासगंज। जिले में शुक्रवार को दिन भर लू चली। अधिकतम पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। यह औसत से तीन डिग्री अधिक रहा। सूरज की तपिश और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। लगातार चढ़ रहे पारे से जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। मई माह का आधा पखवाड़ा ही बीता है। रिकार्ड तोड़ गर्मी परेशान कर रही है। सुबह न्यूनतम पारा 28 डिग्री रिकार्ड हुआ। सुबह 10 बजे से ही गर्मी के तेवर और तीखे होते गए। दोपहर के समय पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया। गरमाहट भरी हवा ने लोग झुलसाने लगी। गर्मी की अधिकता के चलते काफी कम संख्या में लोग घरों से बाहर निकले। दोपहर दो बजे तक पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। शाम 4 बजे तक यही स्थिति बनी रही। सूरज अस्त होने के बाद तपन से तो राहत मिल गई, लेकिन लू लाेगों को परेशान करती रही। मौसम विभाग की माने तो अभी आने वाले तीन दिन लोगों को तपन व लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। कृषि एवं मौसम विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक बृज विकास सिंह का कहना है कि अभी जिले में कई दिन ऐसी ही गर्मी पड़ेगी। लू चलने की भी संभावना है। ऐसे मौसम में सावधानी आवश्यक है।