स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर देगी दस्तक
- चेयरमैन ने संचारी रोगों की रोकथाम की लिए बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
घिरोर। नगर पंचायत कार्यालय में शनिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान घर-घर दस्तक अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन यतेंद्र कुमार जैन द्वारा की गई। यहां मौजूद स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर बीमारियों से बचाव के लिए दस्तक देगी।
चेयरमैन ने कहा कि आने वाली बरसात में नगर को संचारी रोगों से बचाने का प्रयास करना है। नगर पंचायत के सरकारी, संविदा व ठेका कर्मियों के द्वारा नालों की सफाई का कार्य चल रहा है। नाली के पानी की निकासी का भी कार्य प्रगति पर है। साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। नगरवासियों को भी साफ सफाई के लिए जागरूक करना है। यदि साफ सफाई अच्छे से रहेगी तो निश्चित ही नगर को संचारी रोगों से बचाया जा सकता है। यहां मौजूद डॉ. जावेद ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर नगरवासियों को जागरूक करेगी। बैठक में ईओ देवकीनंदन, शिवराज सिंह, ओमवीर सिंह, सुरेंद्र यादव, रौनक गांधी, रामौतार सिंह मौजूद रहे।