चंदीकरा में बुखार की सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
- शिविर लगाकर डॉक्टरों की टीम ने मरीजों को दिया उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरनाहल। क्षेत्र की ग्राम पंचायत चंदीकारा में बुखार पीड़ितों की घर-घर चारपाई पड़ी दिखाई दे रही हैं। शुक्रवार को जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर मरीजों को उपचार दिया। ग्राम प्रधान ने गांव में साफ-सफाई कराई। कई बुखार पीड़ित सैफई और सिरसागंज में उपचार करा रहे हैं।
चंदीकरा के मजरा भीकनपुर में बुखार ने पैर पसार दिए हैं। गांव में बड़ी संख्या में लोग बुखार से पीडि़त हैं। बुखार पीडि़तों की घर-घर चारपाई बिछी दिखाई दे रही है। शुक्रवार को जानकारी होने पर प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविदीप ने गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेज कर शिविर लगवाया। शिविर में डॉक्टरों की टीम ने 50 मरीजों का परीक्षण कराया गया। अधिकतर मरीज वायरल से पीड़ित पाए गए। गांव में 50 से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। कई बुखार पीड़ित सैफई, करहल और सिरसागंज में उपचार करा रहे हैं।
एसडीएम के निर्देश पर प्रधान प्रतिनिधि राजकिशोर ने गांव में विशेष सफाई कराते हुए जलभराव वाले स्थान पर दवा का छिड़काव कराया है। गांव में आगे भी शिविर लगाया जाएगा।