आगरा। शाहगंज के प्रकाश नगर निवासी श्रमिक के पांच साल के बेटे को 6-7 दिन से खांसी, जुकाम और बुखार आ रहा था। पिता पास के ही एक डॉक्टर से उसका इलाज करा रहे थे। तीन दिन पहले ही दो साल के मासूम बेटे को भी बुखार हो गया। उसका भी पिता डॉक्टर से इलाज करा रहे थे। शनिवार को दोपहर को 12 बजे बड़े बेटे की मौत हो गई। इसके 30 मिनट के अंदर ही बेटे ने भी दम तोड़ दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। बस्ती के लोगों में भी दहशत फैल गई। परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बस्ती के लोगों को मृतक के घर से दूर रहने की हिदायत दी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दे दी है। कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत की आशंका पर टीम जांच कर रही है। परिजनों से भी पूछताछ की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।