कासगंज। चीन में बच्चों में फैल रही रहस्यमय बीमारी एवियन इन्फ्लूएंजा एच9एन2 के बढ़ते मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने इस बीमारी से निपटने के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। ऐसी किसी भी स्थिति के उत्पन्न होने पर उससे निपटने के लिए जिला अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बदलते मौसम के चलते इस समय बच्चों में सर्दी खांसी, निमोनिया के मामले सामने आने लगे हैं। अस्पतालों में बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इन सबके बीच चीन में एवियन इन्फ्लूएंजा एच9एन2 एवं सांस की बीमारी के प्रसार अधिक होने के बाद जिले में चिंता बढ़ी है। कोरोना जैसे लक्षण वाले इस वायरस का खतरा बच्चों और किशाेरों पर अधिक बताया जा रहा है। वैसे अभी तक जिले में इस बीमारी का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन कोरोना ने जिस तरह से जिले में अपने पैर पसारे और तमाम लोग इस बीमारी की चपेट और काफी संख्या में लोगों की जान गई उसको देखते हुए सतर्कता आवश्यक है। चिकित्सकों की मानें तो बच्चों के साथ उनके अभिभावकों की आवश्यकता है। बीमारी बच्चों एवं कम प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में तेजी से फैलती है। यदि बच्चों में लक्षण सामने आते हैं तो चिकित्सक से सलाह लेना आवश्यक है।