मैनपुरी। सराफा व्यापारी को पीतल की चूड़ियां थमाकर ठग करीब डेढ़ लाख रुपये की झुमकी और अंगूठी ठग ले गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
करहल रोड निवासी मोहित वर्मा की सुनार वाली गली में काव्या ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शनिवार को दुकान पर पिता राम सिंह वर्मा बैठे थे। शाम करीब 4:30 बजे एक व्यक्ति आया और चार झुमकी व चार अंगूठी पसंद कीं। उसने कहा कि यह सामान वह घर पर ले जाकर दिखाएगा और पसंद आने के बाद ही खरीदेगा। उसने अपने पास से चार चूड़ियां निकालीं और उन्हें सोने की बताते हुए कहा कि इन्हें जमानत बतौर रखे लो। जब वह लौटकर आएगा तब हिसाब-किताब कर लेगा। जब वह काफी देर तक नहीं लौटा तो रामसिंह को शंका हुई। चूड़ियां चेक कराईं तो वह पीतल की निकलीं। मोहित की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। कोतवाल विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सीसीटीवी कैमरे में आया चेहरा
मोहित ने बताया कि जो व्यक्ति पीतल की चार चूड़ियां देकर गया है। उसका चेहरा पास की दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। यह फुटेज पुलिस को भी उपलब्ध कराए हैं।