आगरा के फतेहपुर सीकरी में हजरत सूफी शम्सुद्दीन शाह के चार दिवसीय 46वें उर्स के समापन पर सोमवार को सज्जादानशीं सूफी कमरूद्दीन शाह के जेरे साये में भव्य जुलूस-ए-सन्दल बैंड बाजों के साथ निकाला गया। इसमें सैकड़ों अकीदतमंद शामिल हुए। जलूस में शामिल अकीदतंद सूफी संगीत पर अपने पीर के लिए झूमते हुए लोगों का आकर्षण बने रहे।
हजरत सूफी शम्सुद्दीन शाह की सराय पुख्ता में स्थित दरगाह में चार नवंबर को उर्स का आगाज कुरआन ख्वानी, सरकारी चादरपोशी के साथ हुआ था। पांच नवंबर को आम चादरपोशी, शब्बेदारी एवं महफिल-ए-समां का आयोजन हुआ। छह नवंबर को महफिल-ए-रंग एवं रात में महफिल-ए-समां का आयोजन किया गया।
उर्स के अंतिम दिन सोमवार की सुबह 10 बजे सज्जादानशीं सूफी कमरूददीन शाह के जेरे साये में बैंड-बाजों व कव्वालों की सूफी संगीत की तानों के साथ जुलूस-ए-सन्दल का आगाज हुआ। जलूस के आगे मुरादीन मार्ग को बुहारते हुए चल रहे थे। जुलूस में देशभर से आए अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के बाद दरगाह पर चादरपोशी एवं महफिल-ए -रंग का आयोजन किया गया।