लाइव: आधा घंटा की बारिश में खुली बाह में नालों की सफाई की पोल..... ताल तलैया सी दिखी उफनी गलिया
बाह। जैतपुर-बाह क्षेत्र में रविवार की शाम 3 बजे झमाझम बारिश हुई। आधा घंटा हुई बारिश में बाह के नाले-नालियों की सफाई की पोल खुल गई। जुलाहपुरी और गली गोपाल जी की उफनाई गलियां ताल तलैया जैसी दिखीं। अचानक हुई बारिश ने राहगीरों तक को संभलने का मौका नहीं दिया। बाइकें आदि वाहन पानी में जहां के तहां खड़े रह गए। घरों की देहरी तक भरे पानी से लोग बेहाल रहे, निरीह जानवर भी उफान के पानी की मार से खुद को बचा नहीं सके। बारिश थमने के बाद लोग घुटनों तक भरे पानी में बाइकों, साइकिल, स्कूटी आदि से निकले तो कई नालियों के गड्ढे में फंस गए। मजबूरी में उफान के पानी के निकलने का इंतजार करते रहे। बाह थाना परिसर, पुराना महिला अस्पताल परिसर भी बारिश के जल भराव से बच नहीं सके। बाह कस्बे के अलावा बारिश की वजह से जैतपुर, भदरौली कस्बों में भी आम रास्ते और सड़क पर पानी भरने से लोग बेहाल रहे। समाजसेवी कुलदीप भदौरिया ने बताया कि कई बस्तियों में जल भराव की बजह से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। मढ़ेपुरा, धनियापुरा, मंगदपुर, बिजौली, पार्वतीपुरा, रूपपुरा, दोदापुरा की मढैया, सहाबराय पुरा, जरार, नरहोली, पुरा कनेरा, बासौनी, पुरा गुमानसिंह में भी जल भराव से जन जीवन त्रस्त रहा।