मिरहची। थाना क्षेत्र के गांव अगरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार सुबह एक भाई को टॉयलेट लगी। आरोप है कि शिक्षक ने मना करते हुए उसे पीट दिया। बाद में उसके भाई को भी पीटा गया। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।अगरपुर निवासी दोनों बच्चों के पिता धर्मेंद्र कुमार ने मीडिया से की गई शिकायत में बताया कि गांव में स्थित सरकारी विद्यालय में मेरा 6 वर्षीय पुत्र हिमांशु कक्षा एक में है।
वहीं बड़ा बेटा 9 वर्षीय विष्णु कक्षा दो में पढता है। आरोप है कि शुक्रवार की दोपहर को छोटे पुत्र को लघुशंका लगी तो उसने सहायक अध्यापक लालू यादव से अनुमति मांगी। इस पर वह आग बबूला हो गये। पुत्र को डंडों से पीटा, जिससे उसके शरीर पर चोटें आई हैं। इस घटनाक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक इमरान खान भी मौके पर आ गए। उन्होंने भी पुत्र के साथ मारपीट की, जिससे उसकी पैंट में टॉयलेट निकल गई।
वहीं मौके पर पहुंचे मेरे बड़े पुत्र विष्णु को भी मारपीट कर स्कूल से भगा दिया। घटना की जानकारी पर बच्चों के अभिभावकों में आक्रोश पनप गया। बच्चों के संबंध में परिजन स्कूल शिकायत के लिए पहुंचे। तब तक दोनों शिक्षक विद्यालय बंद करके जा चुके थे।
हिमांशु के द्वारा बड़े भाई को गाली देने की शिकायत पर सहायक अध्यापक ने फटकार लगाई थी। उस समय मैं मिरहची स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर विभागीय कार्य से आया हुआ था। - इमरान, प्रधानाध्यापक
इस तरह के किसी मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। - सीपी सिंह, थाना प्रभारी