मैनपुरी जिले में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) पोर्टल का सर्वर फेल होने से हजारों रिटर्न लटक गए हैं। ऐसे में व्यापारियों को रोजाना जुर्माना देना पड़ रहा है। अधिवक्तओं की भी मुसीबतें भी हर दिन के साथ बढ़ती जा रही हैं। परेशान अधिवक्ताओं ने सोमवार को टैक्सेशन बार एसोसिएशन के आह्वान पर प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों द्वारा प्रतिमाह जीएसटी रिटर्न भरा जाता है। लेकिन इस बार जीएसटी पोर्टल का सर्वर फेल होने से समस्या आ रही है। 20 जनवरी को आखिरी तारीख निकलने के बाद भी अब तक रिटर्न नहीं भरे जा सके हैं। इसके चलते प्रतिदिन व्यापारियों पर 50 रुपये का जुर्माना लग रहा है।
कर अधिवक्ता भी इसी बात को लेकर परेशान हैं। लगातार पोर्टल में आ रही समस्या को लेकर टैक्सेशन बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने सोमवार को वाणिज्य कर कार्यालय में धरना दिया। उन्होंने जीएसटी पोर्टल में आने वाली समस्याओं और कमियों को गिनाते हुए प्रदर्शन किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय जैन एडवोकेट ने कहा कि दो साल बाद भी अब तक जीएसटी पोर्टल का संचालन सही से नहीं हो रहा है। इससे लगातार समस्याएं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही सुधार न हुआ तो अधिवक्ता और व्यापारी कार्यालयों में तालाबंदी करने के लिए मजबूर होंगे।