एटा और अलीगंज में व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जीएसटी की कार्रवाई लगातार पांचवें दिन शुक्रवार को भी चली। शहर में दो और मारहरा में तीन फर्मों का सर्वे किया गया। इस दौरान कार्रवाई के डर से शहर और देहात के बाजारों में अधिकांश दुकानें बंद रखी गईं। वहीं व्यापार मंडल ने एटा और अलीगंज में जीएसटी के विरोध में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
जीएसटी उपायुक्त अभिषेक प्रताप सिंह के नेतृत्व वाली टीम शुक्रवार सुबह पहले अलीगंज तिराहा स्थित सैफी मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर पर पहुंची। यहां जीएसटी पंजीयन नहीं था। उपायुक्त ने बताया कि इसका कारोबार पंजीयन लायक नहीं था। इसके चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं कैलाशगंज स्थित सना गारमेंट पर सर्वे किया गया। इस पर बिल बुक आदि नहीं मिली। स्टॉक को नोट कर लिया गया है। खरीद-फरोख्त संबंधी कागजात मांगे गए हैं। इससे मिलान किया जाएगा। इसमें किसी तरह की अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मारहरा में अलीगढ़ के अपर आयुक्त राजेंद्र चौहान के नेतृत्व में टीम पहुंची। पहले यह टीम 7 दिसंबर को कस्बे में गई थी। उस दौरान सूची में दर्ज तीन व्यापारी दुकानों को बंद कर गए थे। शुक्रवार को इन तीनों ही दुकानों पर टीम ने सर्वे किया। अपर आयुक्त ने बताया कि तीनों गारमेंट की दुकानें हैं। जिनका जीएसटी पंजीयन नहीं है। इनके कागजात आदि निरीक्षण के लिए कब्जे में लिए गए हैं।
चल रही कार्रवाई के विरोध में उप्र व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कार्रवाई को बंद कराने की मांग की। जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता, सुनील कुमार, ऋषि कुमार, मनोज गुप्ता, गौरव शर्मा आदि मौजूद रहे। अलीगंज में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मानवेंद्र सिंह को सौंपा। जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, नगर अध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता, सूर्यकांत गुप्ता, राकेश स्वर्णकार, छक्कू शुक्ला, वीरेंद्र कुमार, पंकज गुप्ता, प्रदीप गुप्ता टीपू आदि रहे।
बार-बार बंद होते रहे बाजार
एटा/अवागढ़/जैथरा/निधौली कलां/सकीट। शुक्रवार को दिनभर जीएसटी टीमों के पहुंचने के अफवाहें उड़ती रहीं। इस पर बार-बार बाजार बंद होते रहे। शहर में दोपहर के समय कचहरी रोड, सब्जी मंडी की दुकानें बंद कर व्यापारी बाहर बैठ गए। अवागढ़ में भी कई बार अफवाह उड़ी और व्यापारियों ने दुकानें बंद कीं। टीम न आने पर दुकानें फिर खोली गईं। निधौली कलां में दिनभर ही प्रमुख प्रतिष्ठान बंद रहे। जैथरा में शाम के समय एसएसपी अपनी टीम के साथ गाड़ियों से गुजरे तो व्यापारियों ने जीएसटी टीम आने की अफवाह उड़ा दी। कुछ ही पलों में बाजार पूरी तरह बंद हो गया। सकीट में शाम करीब 4 बजे टीम आने की अफवाह पर व्यापारियों ने शटर गिरा दिए। एक घंटे बाद दुकानें खोली गईं।
व्यापारियों ने बैठक कर जताया विरोध
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार वार्ष्णेय बजरंगी की अध्यक्षता में मंडी जवाहरगंज में हुई। इसमें जीएसटी के अधिकारियों द्वारा दुकानदारों के यहां पर छापेमारी और उत्पीड़न करने को लेकर विरोध जताया गया। निर्णय लिया गया कि अगर कोई जीएसटी अधिकारी दुकानों पर जांच करते हैं तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के साथ ज्ञापन दिए जाएंगे। शासन से इंस्पेक्टर राज खत्म कराने की मांग की जाएगी।