मैनपुरी। पुलिस की न दोस्ती अच्छी न दुश्मनी, अब इस सोच को बदलने का समय आ गया है। आज की पुलिस आपकी मित्र है। आपकी सहायता के लिए हरदम तैयार है। शुक्रवार को यह बातें पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने गुड मॉर्निंग अभियान के दौरान लोहिया पार्क में टहलने पहुंचे लोगों से कहीं। गुड मॉर्निंग मैनपुरी का अभियान जिले भर में चलाया जा रहा है। इस अभियान का मकसद पुलिस और जनता के बीच सामंजस्य कायम करना व जरूरी सूचनाएं जुटाना है। इसके साथ ही जनता को यह भी बताना है कि पुलिस का चेहरा अब बदल चुका है। पुलिस आपकी मित्र है और आपकी सहायता के लिए है। शुक्रवार को गुड मॉर्निंग मैनपुरी के तहत पुलिस अधीक्षक ने सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह व अन्य कर्मियों के साथ लोहिया पार्क में टहलने निकले लोगों से संवाद किया। बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस का काम अपराध नियंत्रण है। इसके साथ ही जनता के बीच पुलिस की छवि को सुधारना और मित्र पुलिस का चेहरा स्थापित करना भी है। आप किसी परेशानी में हैं या आप कुछ बताना चाहते हैं तो पुलिस को बेहिचक बता सकते हैं। आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। अगर किसी पुलिसकर्मी से भी आपको किसी प्रकार की असुविधा है तो बिना किसी संकोच के अपनी बात कह सकते हैं। गुड मॉर्निंग मैनपुरी अभियान के तहत पुलिस आपसे लगातार संपर्क में है। एसपी ने कहा कि जनपद पुलिस आपकी सुरक्षा में हर पल तैयार है। भरोसे के साथ अपनी बात को रखिये। यकीन मानिए आपको अच्छे परिणाम ही देखने को मिलेंगे।