बिचपुरी। गांव अंगूठी में रविवार को ग्रामीणों ने स्वर्ण पदक विजेता पहलवान धर्मेंद्र सिंह चाहर का स्वागत किया। नेपाल में आयोजित साउथ एशियन कॉम्बैट फेडरेशन की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटने पर ग्रामीणों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया। 15 से 18 जनवरी तक आयोजित साउथ एशियन कॉम्बैट चैंपियनशिप में किरावली क्षेत्र के गांव गढ़ी नंदू, सलेमाबाद निवासी धर्मेंद्र सिंह चाहर ने 71 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के पहलवान इमरान को पराजित कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। धर्मेंद्र सिंह चाहर वर्ष 2021 से भारतीय सेना में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में फतेहगढ़ में तैनात हैं। स्वागत करने वालों में सत्यपाल सोलंकी, लोकेंद्र सोलंकी जीतू, प्रशांत, शिवम, कुशल पहलवान, अंगद सोलंकी आदि रहे।