फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: कस्तूरबा गांधी विद्यालय से गायब हुई छात्राएं घायल मिलीं

Thu, 18 Jul 2024 12:39 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
कासगंज। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सहावर से बुधवार की सुबह दो छात्राएं अचानक लापता हो गईं। इसके बाद शाम को दोनों अलग-अलग स्थान पर घायलावस्था में मिलीं। इनमें से एक छात्रा समाचार लिखे जाने तक बेहोश थी। परिजन ने समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी थी। ब्लॉक सहावर के गांव फरौली में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित हो रहा है। इसमें गांव खुदाताल निवासी थान सिंह की पुत्री अंजलि और गांव की ही प्रीती कक्षा 6 में पढ़ रही हैं। बुधवार की सुबह अचानक ही दोनों छात्राएं लापता हो गईं। इसके बाद इनमें से प्रीती गांव बीनपुरा अड्डा के निकट दोपहर में करीब 2 बजे मिली। उसके हाथ में चोट लगी हुई थी और कपड़े भी फटे हुए थे। ग्रामीणों ने जब बच्ची को देखा तो उससे जानकारी की। छात्रा ने अपने पिता का फोन नंबर बताया। जिस पर ग्रामीणों ने बात कर पूरी बात बताई। पिता ने पुलिस को सूचना दी। इसकी जानकारी अंजलि के परिजनों को मिली तो वह भी अन्य ग्रामीणों के साथ कस्तूरबा गांधी विद्यालय अपनी बच्ची के बारे में जानकारी करने पहुंचे। यहां पता लगा कि उनकी बेटी अंजलि भी स्कूल से गायब है। यह जानकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने अपनी बेटी को तलाश करना शुरू किया। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि अंजलि परतापुर पुलिया के निकट बेहोश अवस्था में पड़ी है। अंजलि के चाचा शीलेंद्र ने बताया कि अंजलि को भी चोट है और वह अभी बेहोश है। उसका उपचार चल रहा है। बताया कि दूसरी छात्रा प्रीती ने पुलिस और उन्हें बताया कि वह स्कूल में थी, इस दौरान एक सफेद कार स्कूल के गेट पर आकर रुकी और उसे बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आई, उसे जबरन कार में डाल लिया और बाद में बीनपुरा अड्डा के निकट फेंक गए। वह अंजलि के बारे में जानकारी नहीं दे सकी। वहीं अंजलि बेहोश होने के कारण कुछ नहीं बता पा रही है। जब वह होश में आएगी, तब ही पता लग सकेगा कि वह परतापुर पुलिया तक पहुंची और उसके साथ क्या हुआ है। चाचा शीलेंद्र ने बताया कि अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर लिखी जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवेश राणा ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है कि कैसे छात्राएं स्कूल से निकलीं और मिलने के स्थान तक कैसे पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें