कासगंज। शहर की एक बस्ती की किशोरी ने जहर खाकर जान दे दी। परिजन ने पड़ोस के ही युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किशोरी ने रविवार की देर सांय जहर खा लिया। जब उसकी हालत खराब हुई तो परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सकों के इलाज के बाद भी जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो उन्होंने उसे कहीं अन्यत्र ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले गए। जहां उसने सोमवार को दम तोड़ दिया। किशोरी के पिता का आरोप है कि 15 दिन पूर्व पड़ोस का ही युवक अपने एक साथी के साथ उसे अगवा कर ले गया था। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। 3-4 घंटे बाद उसे छोड़ दिया। इसके बाद से वह काफी आहत चल रही थी। जिससे उसने जहर खाकर जान दे दी। सीओ डीके पंत का कहना है कि किशोरी का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। अभी पुलिस को इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।