कासगंज। शहर के नदरई गेट क्षेत्र में पांच दिन पूर्व एक युवती को युवक द्वारा निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किए जाने पर उसने फंदा लगाकर जान दे दी। मामले में युवती की मां ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी तलाश में जुटी है। इसके लिए वह सर्विलांस की मदद भी ले रही है।क्षेत्र के फूकामल बाग में 22 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। युवती की मां का आरोप है कि युवती को मोहल्ला जय जयराम निवासी प्रांजल उसे ब्लैकमेल कर रहा था। युवक पर युवती के निजी फोटो थे। वह आए दिन युवती को फोटो वायरल करने की धमकी देते हुए परेशान कर रहा था। 31 मार्च की रात्रि को युवक ने युवती को फोन कॉल कर परेशान किया गया। इससे आहत होकर युवती ने एक अप्रैल को फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मामले में मृतक युवती की मां ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मामले में युवती की मौत के मामले में रिपोर्ट आरोपी के खिलाफ दर्ज की है। आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही आरोपी को सर्विलांस टीम की मदद लेकर गिरफ्तार किया जाएगा।