महिला से दुष्कर्म (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
सोशल मीडिया के जरिए पहले असम की युवती से दोस्ती की। इसके बाद शादी के बहाने मिलने के लिए बुलाया। बाद में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने खुद को नोयडा में एसआई होने की बात युवती को बताई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने दुष्कर्म करने, बंधक बनाने एवं मारपीट करने का मामला दर्जकर युवती का डाक्टरी परीक्षण कराया है।
शेयरचैट पर एक साल पहले हुई थी मुलाकात
असम के जिला धुवरी निवासी युवती की जसराना के मोहल्ला जाटवान निवासी युवक से शेयरचैट पर एक वर्ष पूर्व मुलाकात हो गई। बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा तो नंबरों का आदान प्रदान हो गया। युवक ने खुद को नोयडा के एक थाने में दरोगा होने की बात कही। प्यार मोहब्बत की बात शादी तक पहुंची तो युवती सब कुछ छोड़कर नौ जून को दिल्ली आ गई। युवती का आरोप है कि आरोपी तभी से शादी के नाम पर उसका शारीरिक एवं मानसिक शोषण कर रहा है।
एसएसपी से की शिकायत
युवती ने कहा बमुश्किल उसके चंगुल से निकल आई है। युवती का कहना है कि आरोपी युवक ने जसराना के मोहल्ला जाटवान में भी उसके साथ अवैध संबंध बनाए थे। युवती ने पूरे घटनाक्रम से एसएसपी फिरोजाबाद आशीष तिवारी को अवगत कराया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। युवती ने दिल्ली, फिरोजाबाद के सुहागनगर चौराहे के पास एक टॉवर में कमरा लेने के साथ एवं जसराना में खुद के साथ युवक द्वारा दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस युवती का डाक्टरी परीक्षण करा रही है। कोतवाल आजादपाल सिंह ने कहा युवती की तहरीर पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
युवती ने बताया नहीं उसके पास पैसा
युवती ने बताया कि वो घर से काफी जेवर एवं गहने लेकर आई थी जिसे आरोपी ने छीन लिया। उसके साथ मारपीट की गई। युवती ने कहा युवक से शादी करना चाहती है। उसके साथ रहने और खाने के लिए कोई पैसा नहीं बचा है। युवती ने कहा उसने सुबह से क़ुछ नहीं खाया है।