पटियाली। गंजडुंडवारा विकास क्षेत्र के गांव नगला तिलक में बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई। मकान की छत में दरार आ गई। युवती छत पर कपड़ा उतर रही थी। मौत से परिवारी जन सदमे में आ गए। विकास खंड गंजडुंडवारा क्षेत्र के ग्राम नगला तिलक में रेखा (19) पुत्री विजेंद्र शाम लगभग चार बजे अचानक बारिश शुरू हो जाने पर छत पर सुख रहे कपड़ों को उठाने के लिए चली गई। जब वह रस्सी पर पड़े कपड़े उतार रही थी तभी अचानक तेज आवाज के साथ बिजली उसके ऊपर गिरी जिससे उसकी मौत हो गई। बिजली की तेज आवाज से परिजन व ग्रामीण सहम गए। इस बीच उसकी मां को रेखा के छत पर सूखने के लिए पड़े कपड़े उठाने जाने की याद आई तो वह चीखती हुई छत पर की ओर भागीं। परिवार के अन्य लोग भी छत पर पहुंच गए। रेखा को मृत देख कर सभी दंग रह गए। इसी के साथ चीख-पुकार मच गई। परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर उपजिलाधिकारी कुलदीप सिंह ने नायब तहसीलदार मुकेश कुमार को मौके पर भेजा। ,थानाध्यक्ष बृजपाल सिंह भी मौके पर आ गए। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि मृतक रेखा के परिजनों को देवी आपदा के तहत चार लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।