मैनपुरी के कस्बा कुरावली में शनिवार को एक मोहल्ले में शोहदे ने युवती से छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद बाइक लेकर गली में आकर खड़ा हो गया। आरोपी का पीछा करते हुए आई युवती ने चप्पल उतार कर शोहदे की पिटाई कर दी, जिसके बाद शोहदा वहां से भाग निकला। यह घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
कुरावली थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला में शनिवार की दोपहर एक युवती अपनी सहेली के साथ कहीं जा रही थी। तभी बाइक सवार एक शोहदा अपने साथी के साथ आया और युवती से छेड़छाड़ कर दी। युवती ने जब विरोध किया तो शोहदा वहां से चला गया। लेकिन युवती ने शोहदे को सबक सिखाना चाहती थी। उसने आरोपी का पीछा किया। कुछ दूरी पर शोहदा एक गली में खड़ा हुआ था।
आरोपी को देखते हुए युवती ने चप्पल उतारी और उस पर बरसाना शुरू कर दिया। आरोपी को पिटता देख वहां मौजूद लोग भी दूर हट गए। युवती का गुस्सा देख शोहदा भी वहां से निकल भागा। उक्त घटना वहां लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि उक्त घटना के संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। वहीं आरोपी युवक मोहल्ले का ही रहने वाला बताया गया है।