कासगंज। कोरोना के केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर आ गया है। एंटीजन टेस्ट जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर शुरू करा दिए हैं। जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाएं। कोरोना का प्रसार रोकने के लिए ठोस उपाय किए गए हैं।सीएमओ डा. राजीव अग्रवाल ने जिलाधिकारी को बताया कि गाइडलाइन के मुताबिक कोरोना की एंटीजन जांच जिला अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर शुरू कर दी गई है। निमोनिया, श्वांस रोग व अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों की जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं आरटीपीसीआर लैब को भी सुसज्जित कर लिया गया है। यदि कोई आरटीपीसीआर जांच के लिए पहुंचेगा तो उसकी जांच की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि गाइड लाइन के मुताबिक जिनोम टेस्ट भी किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति कोरोना पॉजीटिव निकलता है तो उसके वायरस की जांच के लिए जिनोम टेस्टिंग भी की जाएगी। बैठक के दौरान सीएमएस डा. संजीव सक्सेना ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं के बारे में उन्हें जानकारी दी।