कासगंज। गंजडुंडवारा थाना पुलिस ने दहेज में 20 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर तीन तलाक देने के मामले में आरोपी पति सहित 6 ससुरालीजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। गत वर्ष पीड़िता का निकाह गत वर्ष मई माह के दौरान हुआ था। पीड़िता रुबा परवीन निवासी मोहल्ला पश्चिम थोक गंजडुंडवारा ने मामला दर्ज कराया है। रुबा ने बताया कि उसका निकाह सलमान खान निवासी मोहल्ला पश्चिम थोक गंजडुंडवारा के साथ 5 मई 2023 को हुआ था। दहेज में 10 लाख रुपये, फर्नीचर आदि लग्जरी सामान दिया गया लेकिन दहेज से ससुरालीजन लोग संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने उत्पीड़न उसका शुरू कर दिया। रुबा का कहना है कि पति व अन्य ससुरालीजन एकमत होकर 20 लाख रुपये की मांग करने लगे। नकदी देने से मना करने पर सभी नाराज हो गए और जुलाई माह में उसका सामान हड़प कर घर से बाहर निकाल दिया। उसके बाद उसकी पिटाई की गई। 13 अप्रैल को पति सलमान, ससुर सुल्तान खां, जेठ दानिश, सास तबस्सुम, ननद सिफत एवं अरीशा विवाहिता के घर पहुंचे। सभी की मौजूदगी में सलमान ने एक राय होकर पिटाई करते हुए रुबा को तीन तलाक दे दिया। पिटाई से चोट आने की बात महिला ने बताई है। विवाहिता रुबा परवीन ने गंजडुंडवारा पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।