शहर में बिछिया रोड पर रविवार की सुबह पुलिस की गैंगस्टर से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि उस पर 20 हजार का इनाम घोषित था, करीब 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कोतवाली क्षेत्र में रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एफसीआई गोदाम के पास बिछिया रोड पर एक इनामी अपराधी को देखा गया है। इस सूचना पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने चेकिंग शुरू करा दी। चेकिंग के दौरान बाइक पर जा रहे अपराधी को जब रोका तो वह फायरिंग करते हुए भागने लगा। एक स्थान पर बाइक गिर गई और वह जंगल की ओर भाग निकला। जवाबी फायरिंग के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
एसपी विनोद कुमार और एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश महिपाल उर्फ नेपाली निवासी अडूपुर थाना बिछवां का रहने वाला है। मौके से पुलिस ने बाइक, तमंचा कारतूस को जब्त किया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।