कासगंज। सिटी सर्किल में शुक्रवार को तीन थानों में 10 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पांच आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिशें दे रही हैं। पुलिस ने तीनों थानों प्रभारियों को आरोपियों की संपत्तियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।
सदर कोतवाली प्रभारी रामवकील सिंह ने आरोपी विनोद कुमार निवासी गुतीला बमरौली कटरा आगरा, धर्मेंद्र निवासी ताजगंज, अशोक निवासी फिलौरा मथुरा के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है। पुलिस ने 12 नवंबर की देर रात अमांपुर रोड से कैंटर से अवैध शराब की 110 पेटी बरामद की थीं। पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड के पास से आरोपी विनोद और धर्मेंद्र को तमंचा के साथ गिरफ्तार किया था।
ढोलना थाना प्रभारी अजयवीर सिंह ने मोहम्मद शकील निवासी एडीए कालोनी रोरावर अलीगढ, किशन निवासी मंगल विहार देहली गेट अलीगढ़ के खिलाफ गैंगस्टर में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों से पुलिस ने 1 जनवरी को नकली नोट और नशीले पदार्थ बरामद किया था। भामों रोड से आरोपी मोहम्मद शकील को गिरफ्तार किया गया।
सोरोंजी के थाना प्रभारी भोजराज अवस्थी ने आरोपी बॉबी, राघव निवासी रामसिंहपुरा, अनार सिंह निवासी मोहल्ला कटरा, अजय निवासी रेलवे रोड, अर्जुन निवासी आवास विकास के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है। पांच जनवरी की रात आरोपियों ने नकब लगाकर राकेश की दुकान से चार लाख रुपये चोरी किए थे। मेला ग्राउंड से आरोपी बॉबी, राघव और अजय को गिरफ्तार किए है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि 10 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। छह को गिरफ्तार किया है, पांच की तलाश की जा रही है। आरोपियों की संपत्ति की जांच के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।