कासगंज। गंगा का जलस्तर पिछले 24 घंटे से स्थिर बना हुआ है। इससे कटान का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। इसकी आशंका को देखते हुए सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने बरौना पर कटान रोधी कार्यों का निरीक्षण किया और इन कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
गंगा में बुधवार को हरिद्वार और बिजनौर बैराजों से डिस्चार्ज बढ़ा है, लेकिन नरौरा बैराज से डिस्चार्ज नहीं बढ़ा। इससे जलस्तर स्थिर रहा। बुधवार को भी कछला पर गंगा का जलस्तर 162.60 मीटर के निशन पर था। बुधवार को हुई बारिश के बाद से बैराजों से डिस्चार्ज और बढ़ने की आशंका है। आगामी समय में गंगा के जलस्तर में वृद्धि हो सकती है। फिलहाल कटान के खतरे को देखते हुए सिंचाई विभाग अलर्ट है। एक सप्ताह पूर्व बरौना पर गंगा की धार कटान कर रही थी। इसकी शिकायत डीएम हर्षिता माथुर को मिली और उन्होंने सिंचाई विभाग को तत्काल कटानरोधी कार्य करने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग की टीम लगातार कटानरोधी कार्य करने में जुटी है। बुधवार को बारिश होने से कार्य में व्यवधान रहा। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार कटानरोधी के निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि फिलहाल कटान का कोई खतरा नहीं है। बरौना पर कटानरोधी कार्य भी शीघ्र पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हरिद्वार और बिजनौर बैराज से डिस्चार्ज में कुछ वृद्धि हुई है, लेकिन इसका अधिक प्रभाव नहीं होगा।