बरनाहल। सोशल मीडिया पर शुरू हुआ एक प्रेम प्रसंग उस वक्त चर्चा का विषय बन गया जब झारखंड की एक युवती अपने इंस्टाग्राम प्रेमी से मिलने के लिए हजारों किलोमीटर का सफर तय कर मैनपुरी आ पहुंची। बृहस्पतिवार की रात पुलिस ने दोनों को करहल मार्ग स्थित एक एक बंद ढाबे से हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध प्रताप को सूचना मिली थी कि नवाटेड़ा करहल मार्ग पर एक बंद ढाबे पर एक युवक और युवती मौजूद हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह रांची की रहने वाली है और इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती नवाटेड़ा के एक युवक से हुई थी। यह दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई जिसके बाद युवक के बुलाने पर वह घर से भागकर उसके पास आ गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजू बताया। पुलिस की जांच में एक प्रधान के बेटे का नाम भी इस मामले में सामने आया है जिसने युवती को बुलाने में मदद की थी। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने युवती के घरवालों को इस बारे में सूचित कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि परिवार के सदस्यों के आने के बाद ही इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।