गंजडुंडवारा(कासगंज)। कोतवाली क्षेत्र में मुहर्रम के मौके पर ताजिया जुलूस के दौरान विवाद के बाद कस्बे में माहौल शांतिपूर्ण है। कड़ी चौकसी के बीच जुमे की नमाज हुई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिसबल व पीएसी को तैनात किया गया।मुहर्रम के जुलूस के दौरान पटियाली तिराहे के मार्ग पर पूरब थोक और पश्चिम थोक के ताजिये निकल रहे थे। इसी दौरान पुलिस से तीखी झड़प हो गई। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठियां फटकारी जिससे पांच लोग चुटैल हो गए। इस मामले ने तूल पकड़ लिया और करीब छह घंटे तक ताजियेदार धरने पर बैठे रहे। जिससे कस्बे में एक समुदाय के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बृहस्पतिवार से ही कस्बे में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने कड़ी चौकी कायम कर दी। शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान अतिरिक्त पुलिस की तैनाती रही। कस्बे की मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस को तैनात किया गया। एएसपी राजेश भारती, सीओ विजय राणा, इंस्पेक्टर विनोद कुमार जुमे की नमाज के दौरान मस्जिदों के पास चौराहे पर मौजूद रहे और पुलिस की टीमें भ्रमण करती रहीं। शांतिपूर्वक नमाज अदा हुई। इसके पश्चात पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत करते हुए माहौल का जायजा लिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नमाज अदा होने के बाद मुख्यालय वापस आ गए, लेकिन पुलिस की चौकसी कस्बे में निरंतर जारी बनी रही। एएसपी ने बताया कि किसी भी तरह का तनाव कस्बे में नहीं है। स्थिति सामान्य है।