कासगंज। कन्नौज और हरदोई जिले के दो युवकों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। इसमें पीड़ितों ने बंधक बनाकर ठगी करने का आरोप लगाया। युवकों का आरोप है कि उन्हें बंधक बनाकर आवास विकास कॉलोनी के एक मकान में 20 दिन तक रखा गया। इस दौरान आरोपियों ने उनके पास मौजूद 30 हजार रुपये ले लिया। पैसा लेने के बाद भी आरोपी उसे मकान के बाहर नहीं निकलने दिए। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। अभी तक पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। ठगी का शिकार शिव कुमार कन्नौज जिले के आदमपुर का तथा उसका साथी सर्वेश हरदोई जिले के कुंदपुरा का रहने वाला है। पीड़ितों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि करमुल्लापुर निवासी सनी ने 15 जून को फोन करके बताया कि ग्लेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में नौकरी की जगह खाली है, यहां आ जाओ। दोनों युवक नौकरी के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्हें जिस मकान में बुलाया गया, वहां सुमित, रोहित, अमन, उमेश कुमार, अमरेश कुमार, आशीष मिले। जिन्होंने नौकरी के लिए पैसे जमा किए थे। दोनों युवकों ने भी 30-30 हजार रुपये दिए। आरोपियों ने कहा कि जल्द ही उन्हें नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। दोनों युवकों को वहीं रुकने के लिए कहा, लेेकिन बाद में उन्हें बंधक की तरह रखा गया। पीड़ित युवकों ने शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर हरिभान सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपों में कितनी सत्यता है, जांच में स्थिति स्पष्ट होगी। उसके बाद कार्रवाई सुनिश्चित होगी।