फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: मलेरिया के मिले चार नए मरीज, एक भर्ती

Wed, 23 Jul 2025 11:25 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
जिला अस्पताल में बनाया गया मलेरिया वार्ड ।
विज्ञापन
कासगंज। जिले में मलेरिया के केस दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं। जिला अस्पताल में बुधवार को चार मरीजों की जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई। अब मलेरिया से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़कर 11 पर पहुंच गई है। लगातार मलेरिया के केस सामने आने से संचारी रोग नियंत्रण अभियान पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जिला अस्पताल में इन दिनों बुखार, टाइफाइड, वायरल हेपेटाइटिस, डायरिया समेत अन्य बीमारियों से ग्रस्त मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। अब मलेरिया के मरीजों के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। बुधवार को 1720 मरीज जिला अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे। इनमें अधिकांश मरीज बुखार से पीड़ित थे। डॉक्टरों ने इनमें से 76 मरीजों में मलेरिया के लक्षण मिलने पर जांच कराई तो चार मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई। सोरो में गांव मानपुर नगरिया निवासी जीतू (04) पुत्र हेतराम, सोरो के गांव बीबी सलेमपुर निवासी आमिर (22) पुत्र मुशीर, सोरो के गांव खड़हा नमेनी निवासी प्रभात (15) पुत्र सत्यपाल और किलोनी निवासी कमलादेवी (75) पत्नी राजेंद्र सिंह मलेरिया से ग्रस्त मिलीं। कमलादेवी को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। जबकि अन्य को दवा देकर घर भेज दिया गया है। इससे पहले मंगलवार को मलेरिया के तीन केस मिले थे। सोरों जी के गांव नगला खंजी में संगीता (29 वर्ष), गंगेश्वर कॉलोनी निवासी सोनू (15 वर्ष) और सहावर के गांव हीरापुर निवासी लवकुश (12 वर्ष) में मलेरिया की पुष्टि की हुई थी। सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि जिला अस्पताल में डेंगू और मलेरिया के मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया गया है। इसमें मरीजों के लिए मच्छरदानी वाले बेड मौजूद है। उन्होंने बताया कि मलेरिया से पीड़ित मरीज में अगर सूजन या अन्य गंभीर लक्षण नहीं दिखते हैं तो उन्हें दवा देकर घर भेज दिया जाता है। यदि मरीज की स्थिति गंभीर होती है तब उसे वार्ड में भर्ती किया जाता है। जिला मलेरिया अधिकारी श्रीकांत ने बताया कि मलेरिया के उपचार के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों को दवा उपलब्ध करा दी गई है। एंटी लार्वा दवा का पर्याप्त स्टाक मौजूद है। सभी निकायों को साफ-सफाई और फॉगिंग के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें