पांच दिन पूर्व गांव से लापता हुई युवती का शव मंगलवार देर शाम बाजरा के खेत में मिला है। जानकारी पर एसपी सहित क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। युवती के परिजनों ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि युवती की हत्या कैसे हुई है।
पटियाली क्षेत्र के घोषगंज की पप्पी (20) पुत्री सियाराम 9 अक्तूबर की रात करीब 8 बजे घर से लापता हो गई थी। तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद परिजनों ने 10 अक्तूूबर को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार देर शाम युवती का शव बाजरा के खेत में पड़ा मिला। शव को देखकर लग रहा था कि युवती की हत्या कई दिन पहले की गई है।
शव क्षतविक्षत हो रहा था और दुर्गंध उठ रही थी। देर सायं गांव के लोगों की नजर युवती के शव पर पड़ी तो परिवार के लोगों को सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली। सूचना पर सीओ पटियाली, एसपी मनोज सोनकर, एएसपी आदित्य वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। देर रात मामले में गांव के प्रेमसिंह व उसके दोनों पुत्र पिंटू और धमेंद्र समेत एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
युवती की हत्या की गई है। शव बाजरा के खेत में बरामद हुआ है। हत्या किस तरह से की गई है यह स्पष्ट नहीं है। शव क्षतविक्षत हो गया था। परिवार के लोग गांव के ही एक युवक पर आरोप लगा रहे हैं। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
- गवेंद्र पाल गौतम, सीओ, पटियाली