मैनपुरी। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देश पर रविवार को भी सभी थानों में पूर्व सैनिकों के साथ बैठकों का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके अनुभव साझा करने के साथ ही युद्ध जैसी आपात स्थिति पर वार्ता की। पूर्व सैनिकों ने हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कस्बा बेवर में रविवार को प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने पूर्व सैनिकों के साथ बैठक की। कहा कि आर्मी हेडक्वार्टर देश के मौजूदा हालात को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2017 से लेकर वर्ष 2025 के दौरान सेवानिवृत पूर्व सैनिकों को कभी भी आवश्यकता पड़ने पर बुला सकता है। सभी पूर्व सैनिक ऐसी किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार रहें। सीमा पर चल रहे तनाव के चलते पूर्व सैनिकों ने हर संभव सहयोग करने का भरोसा दिलाया। किशनी में प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में देश में जो हालात हैं। उसे यदि कोई घटना होती है तो किस तरह निपटा जाए। इस पर पूर्व सैनिक अपना अनुभव साझा करें। सभी पूर्व सैनिकों के नंबर भी लिए गए। थाना औंछा, करहल, भोगांव आदि में भी पूर्व सैनिकों के साथ बैठक आयोजित की गईं। इस मौके पर पूर्व सैनिक व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।