पूर्व प्रधान ने किसान की फसल की नष्ट, झोपड़ी में लगा दी आग
-नगला लक्ष्मन में हुई घटना, पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध दर्ज की रिपोर्ट
सवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। नगला लक्ष्मन में पूर्व प्रधान ने साथियों के साथ मिलकर एक किसान की फसल को ट्रैक्टर से जोत कर नष्ट कर दिया। इतना ही नहीं उसकी झोपड़ी में भी आग लगा दी। कुरावली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला लक्ष्मन निवासी किसान राकेश कुमार के घर के सामने ही उनका खेत है। इस बार राकेश ने अरहर की फसल की थी। 15 अगस्त की सुबह गांव गुलाबपुर का पूर्व प्रधान केशव सिंह अपने भाई महेंद्र सिंह, सोबरन सिंह और विवेक के साथ ट्रैक्टर लेकर आया। राकेश के खेत में खड़ी फसल को जोत कर नष्ट कर दिया। खेत में खड़े आम के चार पेड़ भी काट डाले। विरोध करने पर आरोपियोंं ने किसान की झोपड़ी में आग लगा दी। हाथापाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों को एकत्र होता देख आरोपी वहां से भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी रसूखदार हैं। पुलिस ने आरोपी पूर्व प्रधान व साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।