आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र के न्यू दक्षिणी बाईपास स्थित गांव बाद से कुठावली के पूर्व बीडीसी के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व बीडीसी गजेंद्र सिंह पुत्र सत्यदेव गुरुवार को घर से दवा लेने के लिए ककुआ निकले थे। परंतु काफी समय तक घर नहीं पहुंचे तो घर वालों को चिंता सताने लगी। इसके बाद परिवारीजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। देर शाम गजेंद्र की बाइक दक्षिणी बाईपास पर डली हुई पाई गई।
स्थानीय लोगों ने यह सूचना पुलिस को दे दी। परिजनों को जानकारी मिली है कि बोलेरो सवार लगभग आधा दर्जन लोग गांव बाद के पास दक्षिणी बाईपास से गजेंद्र को गाड़ी में डालकर ले गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गजेंद्र सिंह की तलाश में पुलिस भी जुट गई। गजेंद्र के पिता सत्यदेव ने बताया कि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि बहुत जल्दी आपके बेटे को बरामद कर लिया जाएगा। वहीं थाना मलपुरा प्रभारी तेजवीर सिंह ने बताया है कि ससुराल वालों से लेनदेन का मामला था। गजेंद्र के ससुराल वाले उसे उठाकर ले गए थे। पुलिस युवक को बरामद करने का प्रयास कर रही है।