बाह (आगरा)। दिल्ली में रविवार को भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व वायुसेना प्रमुख राकेश सिंह भदौरिया बाह के काेरथ गांव के रहने वाले हैं। 30 सितंबर 2021 को सेवानिवृत्त हुए राकेश सिंह भदौरिया ने 21 मई 2015 को एयरमार्शल के रूप में यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगरा मथुरा के बीच एयरफोर्स के फाइटर जेट उतारे गए थे। जबकि 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में एयर सर्जिकल स्ट्राइक कर आंतकी ठिकानों को ध्वस्त किया था।
मूलरूप से बाह के कोरथ गांव निवासी सूरजपाल सिंह के पुत्र राकेश सिंह भदौरिया के भाजपा में शामिल होने पर पूर्व सैनिक रमाशंकर सिंह, पुतान सिंह, जयसिंह, धारा सिंह, सोवरन सिंह, ब्रजलाल, जयदेव सिंह, शहीद लायक सिंह के भाई सतेंद्र सिंह भदौरिया, प्रधान राजेश सिंह ने कहा कि वायुसेना प्रमुख के रूप में उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया था। अच्छा हुआ कि उन्होंने टीम मोदी में शामिल होने का निर्णय लिया। सरल और अनुशासित राकेश सिंह भदौरिया की शादी 1986 में आगरा की आशा चौहान के साथ हुई थी। उनका बेटा सौरभ सिंह भदौरिया और बेटी सोनाली सिंह पायलट हैं। गांव के लोग कहते हैं कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी राकेश सिंह भदौरिया के टीम मोदी का हिस्सा बनने का स्वागत है। चार दशक तक वायुसेना की सेवा में 26 प्रकार के लड़ाकू विमान उड़ा चुके हैं।