फिरोजाबाद। मंदिरों के आसपास बिकने वाले प्रसाद विक्रेता भक्तों की आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने शिकोहाबाद बालाजी मंदिर के निकट प्रसाद की दुकानों पर अभियान चलाया। प्रसाद की गुणवत्ता पर संदेह होने पर चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे हैं।
सहायक आयुक्त डॉक्टर सुधीर कुमार सिंह ने टीम गठित कर शिकोहाबाद बालाजी मंदिर पर बिकने वाले प्रसाद की जांच कराई। जांच में पाया कि लगभग 100 विक्रेता छोटे बड़े है। जिनमें किसी के पास पंजीकरण नहीं है। बूंदी में रंग की अधिक मात्रा पाई गई। कई दुकानों पर बूंदी में प्रयोग होने वाला रंग अखाद्य पाया गया। जिसका उपयोग कपड़ा रंगने में किया जाता है। टीम ने रंग को जब्त कर लिया। लड्डू में रिफाइंड प्रयोग किया गया है, प्रथम दृष्टया गुणवत्ता ठीक नही पाई गई। टीम में मनोज कुंवर, रविभान, मुकेश शर्मा, सुनील शर्मा शामिल रहे।
आसफाबाद स्थित आयुष मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। यहां बिना लाइसेंस के कारोबार संचालित पाया। एडीएम कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया की मंदिरों के आसपास बिकने वाले प्रसाद की नियमित जांच कराई जाएगी।